बीकानेर : तेज-रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मारी, एक की मौत, 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गया
बीकानेर : तेज-रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मारी, एक की मौत, 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गया
बीकानेर। बीकानेर के रिडमलसर चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी। वह करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे बनी दुकान के अंदर तक ले गया। भीषण हादसे में पिकअप ड्राइवर के पास बैठा व्यक्ति गंभीर घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसा जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिडमलसर चौराहे पर गुरुवार की दोपहर करीब 2:40 बजे हुआ। शुक्रवार की शाम को घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना दिखाई दे रही है।
थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया- हादसे में पिकअप में ड्राइवर के पास बैठे लक्ष्मणराम(30) को गंभीर चोट आई थी। लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दोनों वाहन अलग- अलग दिशाओं से आ रहे थे। दोपहर में करीब 2:40 बजे पिकअप ने बत्ती क्रॉस करने की कोशिश की, लेकिन तब ही दूसरी तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ट्रेलर उसे करीब 30 मीटर तक डिवाइडर के ऊपर से घसीटते हुए सड़क किनारे बनी एक दुकान तक ले गया। टक्कर में पिकअप के ड्राइवर के दूसरी तरफ वाली साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे वहां बैठा लक्ष्मणराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने पिकअप में से लोगों को बाहर निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान लक्ष्मणराम की मौत हो गई। मामले की जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है। हादसे में एक बाइक सवार भी बाल- बाल बचा।
लेखक
Khulasa Online Reporter
this is descriptions
1,104 प्रकाशित खबरें
